
भोपाल। मुख्यमंत्री निवास पर सोमवार को मध्यप्रदेश बीजेपी के कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा की रिक्त एक सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित नामों को मिलाकर 4 से 5 नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनी है। अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
राज्यसभा सीट के लिए 4 से 5 नामों पर मंथन
बैठक में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा हुई। बीजेपी के मुताबिक, संभावित नामों में मध्यप्रदेश के साथ दूसरे राज्यों के नेताओं के नाम भी शामिल हैं। इन नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसके बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अंतिम उम्मीदवार के नाम पर फैसला करेगा।
यह सीट एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 26 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां
बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर भी रणनीति तय की है। इसके तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़े स्तर पर रैलियां आयोजित करने की योजना है। पार्टी ने इन कार्यक्रमों में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए लोकतंत्र और राजनीतिक मुद्दों को लेकर जनता के बीच संवाद बढ़ाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ स्तर तक जनसंपर्क कार्यक्रमों की भी तैयारी है।
यह भी पढ़े: भोपाल ISBT में भीषण आग, वर्मा ट्रेवल्स की कई बसें जलकर खाक
खड़गे की टिप्पणी पर निंदा प्रस्ताव
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी का मुद्दा भी उठा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, कोर ग्रुप ने टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। बीजेपी ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
वहीं, बैठक में समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पार्टी की ओर से इस विषय पर आगे की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
सरकार के तीन साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की तैयारी
बीजेपी की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार के तीन साल पूरे होने पर उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की योजना पर भी चर्चा हुई। मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कामकाज को जनता के सामने रखने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर आगे की कार्ययोजना तय की गई।
बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक में एक ओर राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ी, वहीं दूसरी ओर आगामी राजनीतिक अभियान और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी फोकस रहा।
- mp-bjp-core-group-meeting-rajya-sabha-panel-rallies








