
बिहारशरीफ/नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ मचने से कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।
मंगलवार को मंदिर में पूजा और मेले के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया है।
प्रशासन के अनुसार मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भीड़ अधिक होने और अव्यवस्था के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
ये भी पढ़े – कोलकाता: गार्डन रीच शिपबिल्डर्स ने भारतीय नौसेना को सौंपे तीन अत्याधुनिक युद्धपोत
- nalanda-sheetla-mata-temple-stampede-multiple-deaths-injuries










