
राजनगर (छतरपुर): ग्राम तालगांव के निवासी शहीद खान उर्फ साहिल खान का चयन राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुस्लिम समाज सहित सभी वर्गों के लोग इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।साहिल खान की इस सफलता ने गांव, जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके परिजनों और मित्रों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनके करीबी मित्रों का कहना है कि साहिल बचपन से ही मेहनती और लगनशील रहे हैं, और उन्होंने अपने संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
साहिल की माता ने भावुक होकर बताया कि उनके बेटे ने बचपन में गांव-गांव जाकर बर्फ बेची, वहीं उन्होंने खुद दिल्ली में मजदूरी कर ईंट, गारा और तसला उठाकर अपने बेटे को आगे बढ़ाया। बेटे की इस कामयाबी पर उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।इस मौके पर तालगांव के सरपंच मनोज पटेल, अवध पटेल, हरियाणा पटेल एवं मोहम्मद इमरान (ललपुर) ने साहिल खान के घर पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उम्मीद जताई कि साहिल श्रीलंका दौरे में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। साहिल की इस कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची मेहनत और लगन से हर मुश्किल को पार किया जा सकता है।
ये भी पढ़े – छतरपुर पुलिस की त्वरित कार्यवाही: खोए बच्चे को परिजनों से मिलवाया
- rajnagar-talgaon-sahil-khan-selected-national-disabled-cricket-team-sri-lanka-tour










