ऑनलाइन वॉच सेलिंग के नाम पर 6.43 लाख की साइबर ठगी, रतलाम पुलिस ने हरिद्वार और कोटा से दो आरोपियों को पकड़ा

सार

नाह़रु खान|रतलाम। ऑनलाइन घड़ियां बेचकर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 6.43 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को रतलाम साइबर सेल और औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टेलीग्राम के जरिए एक मजदूर को पहले रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने और बाद में डबल मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई थी। पुलिस ने आरोपियों को हरिद्वार और कोटा से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 28 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। ठगी की रकम की रिकवरी और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

विस्तार

रतलाम। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में दर्ज साइबर ठगी के मामले में रतलाम साइबर सेल और थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को हरिद्वार, उत्तराखंड और दूसरे को कोटा, राजस्थान से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी मजदूरी का काम करता है और अपने मोबाइल फोन पर टेलीग्राम का उपयोग करता था। 29 दिसंबर 2025 को मजदूरी के दौरान उसके टेलीग्राम पर एक अज्ञात आईडी से संदेश आया। इसमें ऑनलाइन घड़ियां बेचने और इससे अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया।

आरोपियों ने फरियादी को ऑनलाइन काम करने के लिए एक वेबसाइट का लिंक, आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया। शुरुआत में रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर एक बैंक खाते में 10 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। फरियादी ने बताए गए खाते में 10 हजार रुपये जमा कर दिए।

इसके बाद आरोपियों ने ऑनलाइन घड़ियां बेचने के नाम पर फरियादी के खाते में कुछ रकम मुनाफे के रूप में आने की जानकारी दी। इससे फरियादी को आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करने पर डबल मुनाफा मिलने का लालच दिया।

मुनाफे के लालच मे फरियादी ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 6,43,285 रुपये जमा कर दिए। बाद में आरोपियों ने न तो कोई मुनाफा दिया और न ही मूल रकम वापस की। इसके बाद फरियादी को ठगी का पता चला और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में साइबर सेल रतलाम और थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की टीम ने तकनीकी एवं बैंकिंग साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।

पुलिस टीम ने बैंक खातों में हुए लेन-देन, मोबाइल नंबरों और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अश्वनी अरोरा पुत्र रोशन लाल, निवासी राजा गार्डन, जगजीतपुर, हरिद्वार, उत्तराखंड को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। वहीं अनिमेष जैन पुत्र वीरेंद्र कुमार जैन, निवासी VTC हाथीदिलोद, जिला बारां, राजस्थान को कोटा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों से पूछताछ के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, अन्य सहयोगियों, ठगी की रकम के लेन-देन और संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम की रिकवरी और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

रतलाम पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधों के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अगस्त 2026 तक साइबर अपराध से संबंधित 89 कोर्ट ऑर्डर के तहत कुल 1,03,21,402.46 रुपये की राशि के संबंध में कार्रवाई की गई है। इनमें से 49 साइबर शिकायतों में 37,06,285.63 रुपये की राशि पीड़ितों को सफलतापूर्वक रिफंड कराई जा चुकी है। पुलिस बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के जरिए ठगी की रकम को सुरक्षित कराने, संबंधित बैंक खातों पर आवश्यक कार्रवाई करने और न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों को राशि वापस दिलाने का प्रयास कर रही है।

साइबर फ्रॉड की शिकायतों पर शुरुआती स्तर पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थानों में साइबर डेस्क संचालित की जा रही हैं। साइबर डेस्क और जिला साइबर सेल द्वारा बैंक खातों, लेन-देन, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। NCRP पोर्टल से प्राप्त जानकारी का उपयोग भी साइबर ठगी की रकम को सुरक्षित कराने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए किया जा रहा है।

रतलाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल बैंक खातों की पहचान और कार्रवाई के लिए ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स 2.0’ चलाया जा रहा है। इन खातों से जुड़े लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण कर खाताधारकों और पूरे नेटवर्क को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।

इसी तरह फर्जी अथवा गलत तरीके से प्राप्त सिम कार्ड के इस्तेमाल को रोकने के लिए ‘ऑपरेशन फास्ट 2.0’ के तहत भी कार्रवाई जारी है। पुलिस फर्जी सिम धारकों के साथ ऐसे विक्रेताओं को भी चिन्हित कर रही है, जो नियमों का उल्लंघन कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम उपलब्ध कराते हैं।

साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के लिए थाना स्तर पर संचालित साइबर डेस्क को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए साइबर अपराधों में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों यानी ‘साइबर योद्धाओं’ की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि साइबर शिकायतों में प्रारंभिक तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्य जुटाने और जरूरी कार्रवाई को तेजी से किया जा सके।

रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन कमाई, निवेश, पार्ट टाइम जॉब, ऑनलाइन सेलिंग या अधिक मुनाफे के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे जमा न करें। OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध वेबसाइट पर लॉगिन करने या किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में संदिग्ध एप्लीकेशन इंस्टॉल करने से भी बचें।

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ संबंधित बैंक को तत्काल सूचना दें। पुलिस के अनुसार, ठगी की जानकारी जितनी जल्दी दी जाएगी, रकम को सुरक्षित कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

ये भी पढ़े – चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप, घर-दुकानें जलमग्न; बाढ़ से भारी नुकसान

 

  • ratlam-cyber-fraud-online-watch-selling-6-43-lakh-two-accused-arrested
  • Srota Swati Tripathy

    Srota Swati Tripathy

    Related Posts

    दुरंतो एक्सप्रेस पर अचानक पथराव, AC कोचों के शीशे चटके, यात्रियों में मचा हड़कंप

    महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई रेल मार्ग पर बोरखेड़ी स्टेशन के…

    गणेश पंडाल में सो रहे लोगों पर करंट का कहर: 4 की मौत, 3 लोग घायल

    मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश विसर्जन के…

    You Missed

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना