
रतलाम: ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा और प्रशासनिक गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ रतलाम पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 8 डीजे जब्त किए गए हैं, जबकि 2 संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर डीजे की आवाज और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों की निगरानी की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे संचालकों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, तेज ध्वनि में डीजे बजाने और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में कोलाहल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अब तक कुल 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान ध्वनि प्रदूषण तथा प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा जुलूसों के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा और अन्य नियमों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ने सभी डीजे संचालकों और आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सकें।
ये भी पढ़े – रतलाम में डीजे मशीन चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख का माल बरामद
- ratlam-police-action-eid-milad-procession-loud-dj-08-seized-10-cases-registered







