
रीवा/ अरविंद तिवारी: संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस करने के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को निजी नर्सिंग होम की जांच की मांग को लेकर सिटी हॉस्पिटल का रुख किया। प्रदर्शनकारी सिरमौर चौराहा स्थित धरना स्थल से उठकर निजी नर्सिंग होम पहुंचे। इसकी सूचना पहले से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को होने के चलते मौके पर सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का किया प्रयास
प्रदर्शनकारियों के सिटी हॉस्पिटल पहुंचते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर स्थिति को शांत रखने और मौके से वापस लौटने की समझाइश दी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर लिया।
बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर रिहा कर दिया। हालांकि, रिहाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई।
निजी प्रैक्टिस को लेकर आंदोलन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ कुछ चिकित्सक अस्पताल में आने वाले मरीजों को पर्याप्त समय देने के बजाय निजी नर्सिंग होम में सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में चिकित्सकों का निजी प्रैक्टिस पर अधिक ध्यान देना गंभीर चिंता का विषय है।
प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि संजय गांधी अस्पताल से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने कल्पना मिश्रा और उनके नवजात शिशु की मौत का मामला भी उठाते हुए इसे चिकित्सकीय लापरवाही से जोड़ने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर भी निशाना साधा। उनका कहना है कि यदि गंभीर घटनाओं के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन बड़े स्तर पर किया जा सकता है। वहीं, पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को डिटेन किए जाने की कार्रवाई को लेकर भी प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई है।
- rewa-private-nursing-home-investigation-protesters-detained-by-police








