
शिवपुरी।कुलदीप शर्मा| शिवपुरी जिले की भौंती थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को धमकाकर रुपये ऐंठने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार, मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 11.20 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
प्रतिबिंब पोर्टल की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति के मार्गदर्शन और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना भौंती पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत आरोपी शिवम लोधी (21) निवासी भौंती को गिरफ्तार किया।
फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर करता था वसूली
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों से बातचीत करता था। इसके बाद खुद को पुलिस अधिकारी बताकर फोन करता और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने तथा गिरफ्तारी की धमकी देकर पैसे वसूलता था।
11.20 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल, बलेनो कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
थाना भौंती में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके साथ इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
यह भी पढ़े: सागर के गढ़ाकोटा मूंग खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली के आरोप, किसानों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
- shivpuri-cyber-fraudster-posing-as-police-officer-arrested-assets-seized








