
शिवपुरी/करैरा। शिवपुरी जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या समेत 27 आपराधिक मामलों में आरोपी हिस्ट्रीशीटर मोनू उर्फ मनीष जाटव सहित एक अन्य वारंटी जीतू उर्फ नीरज कनकने को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और प्रभारी एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद सिंह छाबई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मोनू उर्फ मनीष जाटव (34) निवासी ब्लॉक के पीछे, करैरा के खिलाफ कुल 27 अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, अवैध वसूली, मारपीट, अवैध हथियार रखने और अवैध शराब बिक्री सहित अन्य मामले शामिल हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया।
वहीं जीतू उर्फ नीरज कनकने (40) निवासी कच्ची गली के पास, करैरा को स्थाई गिरफ्तारी वारंट के आधार पर उसके घर से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को संबंधित प्रकरणों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छाबई, सउनि शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राजेंद्र यादव, राजीव छारी, आरक्षक सुनील कुमार, शिवम यादव, गोविंद सिंह रावत, राघवेंद्र पाल और संतोष बंशकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में सरकारी रास्ते के लिए टावर पर चढ़े 2 ग्रामीण, कब्जे का आरोप, सड़क पर लगाया जाम
- shivpuri-karaera-history-sheeter-monu-jatav-27-criminal-cases-arrested-warrantee-jeetu








