
शिवपुरी: करैरा तहसील के ग्राम सिलानगर निवासी फूलसिंह कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर ग्राम पंचायत सरपंच गीता कुशवाह, उनके पति सालिकराम कुशवाह समेत अन्य लोगों पर चुनावी रंजिश के चलते झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाया है। फूलसिंह का आरोप है कि उसे गांव से बेदखल करने और मकान तुड़वाने के उद्देश्य से तहसील करैरा और अमोला थाने में गलत तथ्यों के आधार पर शिकायतें की गई हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह लंबे समय से आबादी की जमीन पर मकान बनाकर रह रहा है और उसने किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण नहीं किया है।
मारपीट और झूठी शिकायतों का भी आरोप
फूलसिंह ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण को लेकर सवाल करने पर उसके और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की गई। इसके बाद थाने में भी उसके खिलाफ कथित तौर पर झूठी शिकायतें की गईं। शिकायतकर्ता ने संबंधित लोगों पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाने का आरोप लगाते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की है।
परिवार को धमकी मिलने का आरोप
फूलसिंह ने शिकायत में खुद और अपने परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस अधीक्षक से परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में उसके या परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो संबंधित लोगों को जिम्मेदार माना जाए। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित झूठी शिकायतों को निरस्त करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़े – 90 हजार रुपये लेकर दिए सिर्फ 11 क्विंटल सरिया, बाकी मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
- shivpuri-karera-silanagar-election-rivalry-false-complaint-sarpanch-allegation








