
टीकमगढ़/धर्मेंद्र सिंह लोधी की रिपोर्ट: ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) टीकमगढ़ में शुक्रवार को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने, केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सचेत करना रहा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, प्रीमियम, उद्देश्य तथा भविष्य की आर्थिक सुरक्षा में उनकी उपयोगिता को सरल भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो प्रस्तुति एवं जागरूकता पोस्टरों के माध्यम से भी वित्तीय साक्षरता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षणार्थियों ने भी योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। साइबर सुरक्षा सत्र में विशेषज्ञों ने बढ़ते ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचें तथा ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड और अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी सतर्कता बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित बैंक अथवा साइबर हेल्पलाइन पर देने की भी सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि डिजिटल लेन-देन सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सके। आरसेटी टीकमगढ़ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ नगर पालिका परिषद की बैठक में 33 एजेंडों पर मुहर: गीता भवन और अटल सभागार निर्माण को मंजूरी
- tikamgarh-rseti-financial-literacy-cyber-security-awareness-program










