
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: थाना दिनारा पुलिस ने रास्ता भटककर शिवपुरी पहुंचे 11 वर्षीय बालक को दो दिन के भीतर उसके परिजनों से मिलाकर मानवता और तत्परता का परिचय दिया। बालक को आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को ग्राम आवास तिराहा के पास मोहम्मद ईशा शेख नामक 11 वर्षीय बालक अकेला मिला था।
ग्राम थनरा निवासी अभिषेक यादव ने इसकी सूचना दिनारा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बालक को थाना लेकर पहुंची और बाल संरक्षण अधिकारी की मौजूदगी में उसे अस्थायी रूप से ट्राइबल हॉस्टल, दिनारा में सुरक्षित ठहराया गया। जांच में पता चला कि बालक उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर का निवासी है और बिना बताए मुंबई से निकलने के बाद रास्ता भटककर शिवपुरी पहुंच गया था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर बालक के परिजनों का पता लगाया। इसके बाद 19 जुलाई को बालक के पिता मोहम्मद जाकिर शेख दिनारा पहुंचे। पुलिस ने पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने दिनारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े – करैरा में माइक्रो बैंक फाइनेंस कंपनी का जागरूकता शिविर, पुलिस ने नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश
- 11-year-old-boy-from-ambedkar-nagar-reunited-by-dinara-police-shivpuri








