
भोपाल: राजधानी भोपाल में जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) के बैंक खाते से करीब 2.26 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर इस वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2026 को बैंक ऑफ इंडिया की सैफिया कॉलेज शाखा स्थित DUDA के खाते से पांच चेक के जरिए 2 करोड़ 26 लाख 71 हजार रुपये निकाल लिए गए। जांच में पाया गया कि सभी चेक पर किए गए हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे।
इतना ही नहीं, ठगों ने 5 मार्च को कलेक्टर के फर्जी लेटरहेड और सील का उपयोग कर खाते से मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भी लिंक करवा ली थी। इसके बाद उन्होंने आसानी से रकम निकाल ली।
मामले का खुलासा 17 मार्च को हुआ, जब लीड बैंक मैनेजर ने संदिग्ध लेनदेन की जानकारी डिप्टी कलेक्टर को दी। सूचना मिलते ही जांच शुरू की गई। करीब आठ दिन की पड़ताल के बाद क्राइम ब्रांच ने पांच फर्म संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
जिन फर्मों के नाम सामने आए हैं, उनमें एनएस इंटरप्राइजेज, ब्लैक आई, राजकुमार इंटरप्राइजेज, दास इंटरप्राइजेज और मनी इंटरप्राइजेज शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ये भी पढ़े – विकास के ‘मोहन’ साधक: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जन्मदिवस मध्यप्रदेश के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद
- bhopal-bank-account-2-26-crore-fraud-fake-signatures-scam









