
ग्वालियर: दो साल पुराने गोलीकांड के चश्मदीद गवाह के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा भी बरामद हुआ है। हालांकि इस मामले का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार चंदनपुरा निवासी गौरव उर्फ टिल्ली यादव का मंगलवार को महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर गेट के पास से अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने इस मामले में शिवम तोमर, राजवीर चौहान, अभिषेक राजावत और युवराज को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह वारदात बदमाश हेमू सिकरवार के कहने पर की थी। आरोपियों ने गौरव को कार में बैठाकर जडेरुआ के 12 बीघा इलाके में ले जाकर मारपीट की और फायरिंग की। बाद में उसे धमकाकर छोड़ दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह पूरा मामला अवैध शराब कारोबार और पुराने वर्चस्व की रंजिश से जुड़ा है। गौरव दो साल पहले हुए गोलीकांड का गवाह है और उसी की गवाही रोकने के लिए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है, जबकि मास्टरमाइंड हेमू सिकरवार सहित तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़े – ग्वालियर: गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों में विवाद; लाठी-डंडों से हमला
- gwalior-witness-kidnapping-assault-four-arrested










