
बड़वानी: ग्राम भीलखेडा और बड़वानी के बीच स्थित कच्चा मार्ग इन दिनों किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे कृषि कार्य और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव से शहर तक पहुंचने के लिए यही एक रास्ता है, लेकिन इसकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। किसान रामलाल मुकाती के अनुसार खराब सड़क के कारण खेतों तक कृषि उपकरण, खाद-बीज और उपज लाने-ले जाने में काफी परेशानी होती है। बरसात के मौसम में तो हालात और भी खराब हो जाते हैं और रास्ता लगभग बंद हो जाता है।
ये भी पढ़े – बड़वानी की सौंफ मंडी में व्यापारियों की मनमानी से किसान नाराज, प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
सड़क की खराब स्थिति के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां सरकार गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण पर जोर दे रही है, वहीं भीलखेडा गांव अब तक इस सुविधा से वंचित है।ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और सांसद गजेंद्रसिंह पटेल द्वारा भी विधानसभा और संसद में प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से भीलखेडा से बड़वानी तक सड़क का जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ये भी पढ़े – बड़वानी: रामा फलिया गांव में दूषित पानी की समस्या, पीएचई विभाग की टीम ने की जांच
- barwani-villagers-road-issue-resolution










