
उमरिया/राकेश दर्दवंशी: जिले की नौरोजाबाद जोहिला कॉलरी एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार कोयले में मुरूम (मिट्टी) मिलाकर वजन बढ़ाने और करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप पांडे ने इस संबंध में भारत सरकार के कोयला एवं खान मंत्री को शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉलरी में जेसीबी मशीनों की मदद से कोयले में मिट्टी मिलाई जा रही है। इसके बाद इस मिलावटी कोयले को बिना गुणवत्ता परीक्षण के रेलवे रैक के जरिए विभिन्न स्थानों पर भेजा जा रहा है।दिलीप पांडे ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कई अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है। शिकायत में साइड इंचार्ज, सेल्स मैनेजर और बिलासपुर जोन के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।
मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायतकर्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें कथित तौर पर कोयले में मिलावट की प्रक्रिया दिखाई दे रही है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।शिकायत में कहा गया है कि मिलावटी कोयला उद्योगों तक पहुंचने से मशीनों को नुकसान, उत्पादन क्षमता में कमी और आर्थिक हानि हो सकती है। इससे सरकारी राजस्व और औद्योगिक व्यवस्था दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
ये भी पढ़े – उमरिया में चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से दो लोगों की जान बची
- umaria-johila-colliery-coal-mixing-scam-complaint-investigation








