
कासगंज/जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट: पटियाली क्षेत्र में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। क्षेत्राधिकारी (CO) पटियाली अमित कुमार ने क्षेत्रवासियों से भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
CO अमित कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर लगातार निगरानी रखे हुए है। ऐसे किसी भी तत्व के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी जो माहौल खराब करने की कोशिश करेगा।
CO ने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के बाद अवशेषों को खुले स्थान या सड़कों पर न फेंका जाए, बल्कि उनका उचित निस्तारण किया जाए ताकि स्वच्छता बनी रहे और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें।
ये भी पढ़े – कासगंज में पानी पीने को लेकर विवाद ने लिया खूनी रूप: मारपीट में एक की मौत, आरोपी हिरासत में
- kasganj-patiyali-co-warning-eid-ul-adha-security-arrangements-police-alert-








