
कासगंज/जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट: जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में नल पर पानी पीने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना 26 मई की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सार्वजनिक नल पर पानी पीने के दौरान दो व्यक्तियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पूरी तरह से अचानक हुआ था, जो बाद में गंभीर रूप ले गया।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पानी पीने को लेकर दो व्यक्तियों में विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़े – कासगंज पुलिस त्योहारों से पहले अलर्ट, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त तेज, ड्रोन से निगरानी शुरू
- kasganj-water-dispute-murder-coatwali-area-fight-one-dead-accused-arrested








