
रायसेन: भारतीय सेना में भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 तक भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी।
इस वर्ष परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्टों में कराई जाएगी। साथ ही अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकते हैं।
भोपाल में ऑनलाइन परीक्षा के लिए आईओएन डिजिटल जोन प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसाइटी, कोकटा बाईपास रायसेन रोड तथा आईओएन डिजिटल जोन आरजीपीएम, सांखेड़ी दानिश कुंज, कोलार रोड को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के दूरभाष नंबर 0755-2540954 और 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित है। अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी वादों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा गया है कि भर्ती केवल निर्धारित प्रक्रिया और प्रदर्शन के आधार पर की जाती है।
- indian-army-online-common-entrance-exam-bhopal-june-2026-admit-card







