
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की एंट्री के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा समेत कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार रात से जारी बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर खतरे की स्थिति बन गई है, जिसके चलते हजारों श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे सुरक्षित होल्डिंग क्षेत्रों में ठहराया गया है। वहीं केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन और अन्य संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
इधर चंपावत जिले के ऐतिहासिक रीठा साहिब गुरुद्वारे में आयोजित प्रसिद्ध जोड़ मेले के दौरान तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे 50 से अधिक श्रद्धालु बीच में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं विकासनगर क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर भी बारिश का असर देखने को मिला। जुड्डो और लखवाड़ के बीच स्थित एक झरना अचानक उफान पर आ गया, जिससे चारधाम यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेज बहाव के कारण यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई वाहन बहाव की चपेट में नहीं आया। पानी का स्तर कम होने के बाद यातायात को फिर से सुचारू किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम के बीच प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
- uttarakhand-monsoon-entry-kedarnath-yatra-temporarily-suspended-due-to-heavy-rain









