लखनऊ/यूपी: रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह 5 से 7 जून तक तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे तथा नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार रक्षा मंत्री 5 जून को लखनऊ पहुंचने के बाद हिंद नगर, कृष्णा नगर और कैंट क्षेत्र में कई दिवंगत लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास भी जाएंगे। शाम को दिलकुशा लॉन में आयोजित बायोयुग ग्रीन कमांड कार्यक्रम और सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल में राम कथा महोत्सव में शामिल होंगे। 6 जून को रक्षा मंत्री गोमतीनगर और निराला नगर में विभिन्न परिवारों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में पश्चिम मंडल-2 के प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद और बैठक करेंगे। वहीं 7 जून को आलमबाग स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में कैंट मंडल-1 के प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य लोगों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोपहर में लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सहभागिता और जनसंपर्क कार्यक्रमों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- rajnath-singh-three-day-lucknow-visit-june-5-to-7-various-programmes








