
कुशीनगर/गोविंद पटेल की रिपोर्ट: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कसया विकास खंड के कुलकुला माता मंदिर परिसर स्थित वन विभाग की भूमि पर वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ वन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक (फाजिलनगर) एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है, और प्रत्येक नागरिक को लगाए गए पौधों की देखभाल भी करनी चाहिए। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह ने बताया कि शासन के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है और इसमें जनभागीदारी को लगातार बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया।
- kushinagar-kulkula-mata-mandir-world-environment-day-plantation-campaign










