रीवा/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: शहर के भीतर संचालित हो रहे एक अवैध जुआ सिंडिकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए कई जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के पीछे मीडिया की खोजी रिपोर्टिंग और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की त्वरित प्रतिक्रिया अहम रही। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जानकारी के अनुसार, शहर में लंबे समय से एक संगठित जुआ फड़ संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं। मीडिया द्वारा मामले की पड़ताल कर उससे जुड़े वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत तथा पुलिस अधीक्षक तक पहुंचाई गईं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने पुलिस बल के साथ गुढ़ चौराहा क्षेत्र स्थित संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर जुआ संचालित किया जा रहा था, वह मुख्य आरोपी का निजी मकान था। आरोपी क्षेत्र का पुराना और शातिर जुआ संचालक बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी सिटी कोतवाली सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि आरोपी लंबे समय से अपने घर को ही जुआ अड्डे के रूप में इस्तेमाल कर रहा था। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे कई लोगों को हिरासत में लिया। साथ ही बड़ी मात्रा में नकदी, ताश के पत्ते और जुआ संचालन में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़े – मैहर: स्वच्छता अभियान के बीच उठे सवाल, वार्डवासियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
- rewa-illegal-gambling-syndicate-busted-gudh-chauraha-police-raid-after-media-input







