
निवाड़ी/ हेमंत वर्मा: पृथ्वीपुर नगर परिषद में स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद द्वारा स्वच्छता के वास्तविक कार्यों के बजाय केवल फोटोशूट कर बेहतर रैंकिंग हासिल करने का प्रयास किया गया।
चूने की मार्किंग कर क्षेत्र को व्यवस्थित दिखाया गया
मामला वार्ड क्रमांक-7 की मुख्य सड़क का बताया जा रहा है, जहां स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान वाहन से डस्टबिन लाकर रखे गए, पौधों के गमले सजाए गए और चूने की मार्किंग कर क्षेत्र को व्यवस्थित दिखाया गया। आरोप है कि फोटो और वीडियो शूटिंग पूरी होने के बाद डस्टबिन और गमलों को वापस वाहन में रखकर हटा लिया गया।
तस्वीरों के जरिए बेहतर स्थिति दिखाने का प्रयास
स्थानीय लोगों और पार्षद प्रतिनिधियों ने इसे स्वच्छता सर्वेक्षण के नाम पर दिखावा बताते हुए नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई वार्डों में गंदगी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन जमीनी सुधार के बजाय केवल तस्वीरों के जरिए बेहतर स्थिति दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। हालांकि, मामले में नगर परिषद की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
- viral-video-sparks-allegations-fake-cleanliness-drive-in-prithvipur-municipality








