
बीना/ मनीष कुमार चौबे: बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से 8 माह की मासूम बच्ची के चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देर रात परिवार के साथ सो रही बच्ची को एक अज्ञात महिला कथित तौर पर उठाकर ले गई। परिजनों की नींद खुलने पर बच्ची गायब मिली, जिसके बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें जांच में जुट गईं।
सोते परिवार की नजर बचाकर बच्ची को उठाया
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ट्रेन का इंतजार करने के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर सो गया था। 8 महीने की बच्ची अपनी मां के पास सो रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला कथित तौर पर वहां पहुंची और परिवार की नजर बचाकर बच्ची को उठाकर ले गई।
जब परिजनों की नींद खुली तो बच्ची मौके पर नहीं थी। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। इसके बाद तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में बच्ची को गोद में ले जाती दिखी महिला
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध महिला बच्ची को गोद में लेकर स्टेशन से बाहर जाती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
रेलवे रूट और आसपास के क्षेत्रों में तलाश
पुलिस टीमों द्वारा स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों के साथ ही रेलवे रूट और अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश की जा रही है। आसपास के रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस को अलर्ट किया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
यह भी पढ़े: शिवपुरी में महिला अधिवक्ता ने ऑनलाइन उत्पीड़न का लगाया आरोप, साइबर जांच की मांग
बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिला तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बीना एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है। ऐसे में स्टेशन परिसर से मासूम बच्ची के चोरी होने की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों और सामान को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।
- Bina-Railway-Station-8-Month-Old-Baby-Girl-Stolen-CCTV-Footage









