
मुरैना/महेंद्र सिंह लहरिया: जिले की रामपुरकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की एक साजिश को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर झारेला मोड़ के पास हड़ेंचा क्षेत्र में घेराबंदी कर ढाबे पर डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बोलेरो वाहन, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद युवक झारेला मोड़ के पास एक खेत में एकत्र होकर सिमरौदा किरार स्थित विनोद धाकड़ के ढाबे पर डकैती और लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही रामपुरकलां थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी पांचों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत धाकड़ (24), दिनेश धाकड़ (20), सुनील धाकड़ (26), अमित श्रीवास (19) और नीतेश शाक्य (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम माधौगढ़, थाना कैलारस, जिला मुरैना के निवासी हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा, एक देशी अधिया, सात जिंदा कारतूस, दो धारदार चाकू, एक लोहे की सरिया तथा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बोलेरो गाड़ी (क्रमांक MP06 ZC 5692) बरामद की। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹7.15 लाख है।
रामपुरकलां थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(5) एवं 313, मध्यप्रदेश डकैती एवं व्यपहरण प्रभावी क्षेत्र अधिनियम (एमपीडीपीके एक्ट) की धारा 11 और 13 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण कायम किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में अंजाम दिया गया। अभियान में रामपुरकलां थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामकुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक संतोष बाथम, लोकेन्द्र सिंह परमार, प्रकाश अजनार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- morena-dacoity-plot-foiled-five-accused-arrested-weapons-bolero-seized










