
भोपाल।आदि मिश्रा| मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने राज्य और केंद्र सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि मूंग खरीदी का पूरा कोटा जल्द पूरा नहीं किया गया, तो प्रदेश के सभी 29 सांसदों के आवास का घेराव किया जाएगा।
’10 प्रतिशत मूंग की भी खरीदी नहीं हुई’
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव कुणाल चौधरी ने दावा किया कि प्रदेश में तय लक्ष्य के मुकाबले अब तक 10 प्रतिशत मूंग की भी खरीदी नहीं हो सकी है। उनके अनुसार, इससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप
कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार ‘किसान कल्याण वर्ष’ मनाने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को खाद, बीज और समर्थन मूल्य पर खरीदी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने मांग की है कि मूंग खरीदी का पूरा कोटा तत्काल पूरा किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मध्य प्रदेश के 29 सांसदों के निवास का घेराव करेंगे और आंदोलन को तेज किया जाएगा।
- mp-moong-procurement-congress-warning-gherao-29-mps-farmers









