
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सतेरिया में कृषि भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी बलवीर सिंह यादव एवं उनके परिवार ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत सौंपकर कुछ लोगों पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश, ट्रैक्टर से खेत जोतने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कृषि भूमि विधिवत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी
शिकायत के अनुसार, बलवीर सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने अपने जीवनभर की जमा पूंजी से ग्राम सतेरिया स्थित सर्वे नंबर 23, 24/1 एवं 26 की कृषि भूमि विधिवत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। उनका कहना है कि उक्त भूमि का नामांतरण भी राजस्व अभिलेखों में उनके परिवार के नाम दर्ज है और वे वैधानिक रूप से भूमि के स्वामी हैं।
विरोध जारी रखने पर गोली मारने की बात
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के जगदीश यादव, जनवेद यादव, कैलाश यादव उर्फ लल्लू यादव, आदित्य चौधरी सहित एक परिवार के अन्य सदस्य तथा उनके साथ कुछ अन्य लोग ट्रैक्टर और कथित तौर पर अवैध हथियारों के साथ खेत पर पहुंचे और जबरन खेत जोतने लगे। जब शिकायतकर्ता और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध जारी रखने पर गोली मारने की बात कही।
विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज
यह भी पढ़े: शिवपुरी में दूध, मावा और पनीर की जांच तेज, 7 प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद से पूरे परिवार में भय का माहौल है और किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आवश्यक पुलिस संरक्षण उपलब्ध
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में परिवार ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, उनकी कृषि भूमि को अवैध कब्जे से सुरक्षित कराया जाए तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराया जाए।
नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या पुलिस का पक्ष सामने आना शेष है।
- shivpuri-land-dispute-sp-complaint








