
शिवपुरी।कुलदीप शर्मा| शहर के शांति नगर क्षेत्र में आठ माह के एक पालतू लेब्राडोर कुत्ते की मौत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शांति नगर निवासी प्रीति परिहार ने पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों पर लाठियों से पीटकर उनके पालतू कुत्ते की हत्या करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को महिला कुत्ते का शव लेकर फिजिकल थाना पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
प्रीति परिहार के अनुसार, गुरुवार शाम उनका आठ माह का पालतू लेब्राडोर खाना खाने के बाद घर से बाहर निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। महिला का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पड़ोसियों ने कुत्ते को लाठियों से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुत्ते के शव को दूर फेंक दिया गया था।
धमकी और अभद्रता का भी आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि जब वह घटना की जानकारी लेने आरोपितों के घर पहुंचीं तो उनके साथ गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट का प्रयास किया गया। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कुछ अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने जांच शुरू की
फिजिकल थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: भोपाल में किसानों का आंदोलन तेज, कांग्रेस ने समर्थन देते हुए सरकार से वार्ता की मांग की
- shivpuri-woman-alleges-pet-labrador-killed-seeks-fir-against-neighbours








