
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: शहर के बस स्टैंड पर शनिवार को जेबकतरी की एक घटना सामने आई, जहां एक युवक को यात्री की जेब से नकदी निकालते हुए लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने एक यात्री की जेब से करीब 2 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया था। घटना का पता चलते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बनने का फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार होने में सफल रहा।
घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे सक्रिय रहते हैं और आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। लोगों ने बस स्टैंड पर पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
इधर, शहर में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। लुधावली और फतेहपुर क्षेत्र से सामने आए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर नशे का सेवन करते और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों में दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहर में स्नैक (नशीले पदार्थ) के साथ नशे में इस्तेमाल होने वाली सिरिंज भी आसानी से उपलब्ध हो रही हैं, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने की आशंका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति ने बताया कि पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और पेडलरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर न केवल कार्रवाई की गई, बल्कि जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से छोटे स्तर के आरोपियों तक सीमित दिखाई देती है, जबकि नशे के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क और कथित सरगनाओं तक कार्रवाई नहीं पहुंच पा रही है। नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रभावी एवं सतत अभियान चलाया जाए।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में दो आदतन बदमाश 6 महीने के लिए जिलाबदर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
- shivpuri-bus-stand-pickpocket-caught-drug-network-concerns-snack-abuse-police-action







