
टीकमगढ़/दित्यपाल राजपूत: सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध शिवधाम कुंडेश्वर में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल ने सोमवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यातायात व्यवस्था के लिए किए गए विशेष इंतजाम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया गया है। वहीं ललितपुर और सागर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है, जिससे मेला क्षेत्र में यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सेमल लकड़ी से भरा ट्रैक्टर जब्त; लकड़ी तस्करों में मचा हड़कंप
मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतारें
कुंडेश्वर मंदिर परिसर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दोनों सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित हो सके।
नदी घाट पर एसडीआरएफ और पुलिस बल तैनात
मेले के दौरान नदी घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस बल को दिए सतर्कता के निर्देश
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेला क्षेत्र में स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। टीकमगढ़ पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
ये बी पढ़े – टीकमगढ़ में चोरों का आतंक, एक माह में तीसरी बड़ी चोरी; बिजली विभाग कार्यालय का ताला तोड़कर कंप्यूटर-प्रिंटर ले गए चोर
- tikamgarh-kundeshwar-sawan-first-monday-fair-security-arrangements-sp-inspection







