
छतरपुर/अमित अवस्थी: पन्ना टाइगर रिजर्व के जंगल में रास्ता भटककर लापता हुए 26 वर्षीय युवक को थाना किशनगढ़ की डायल-112 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोज निकाला और सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 अगस्त 2026 को थाना किशनगढ़ की डायल-112 सेवा पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मझौली, जिला पन्ना निवासी और वर्तमान में किशनगढ़ में रहने वाला 26 वर्षीय युवक पन्ना टाइगर रिजर्व के जंगल में रास्ता भटक गया है। युवक करीब 8 घंटे से जंगल में लापता था, जिससे परिजन चिंतित थे।
सूचना मिलते ही थाना किशनगढ़ पुलिस की डायल-112 टीम तत्काल सक्रिय हुई और युवक की तलाश के लिए जंगल क्षेत्र में अभियान शुरू किया गया। थाना प्रभारी कमलजीत मावई के नेतृत्व में आरक्षक दयाराम कुर्मी, आरक्षक हरप्रसाद अहिरवार और डायल-112 चालक इस्तयाक खान ने लगातार तलाश करते हुए जंगल में युवक को खोज निकाला।
पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने समय पर सूचना पर कार्रवाई करने और संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित खोज निकालने के लिए छतरपुर पुलिस और डायल-112 टीम का आभार व्यक्त किया। छतरपुर पुलिस ने बताया कि आपात परिस्थितियों में डायल-112 सेवा आम नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है और पुलिस टीम द्वारा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
ये भी पढ़े – छतरपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, तालाबंदी से कुलगुरु समेत स्टाफ परिसर में रुका
- chhatarpur-panna-tiger-reserve-forest-missing-youth-rescued-dial-112-kishangarh-police







