
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मजदूरों से भरी एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में छह मजदूर घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को डायल-112 की सहायता से बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दीघोद कंचनपुरा गांव के मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर अम्हारा गांव काम करने जा रहे थे। इसी दौरान एजवारा रोड स्थित सड़ गांव के पास चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिससे लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 के पायलट हर्षवर्धन भार्गव और एसआई राकेश शिवहरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों में विनोद आदिवासी उम्र 28, जनवेद आदिवासी उम्र 30, रतन आदिवासी उम्र 30, फूल सिंह आदिवासी उम्र 18, राजू आदिवासी उम्र 30 निवासी दीघोद कंचनपुरा तथा अजय राजपूत उम्र 25 निवासी करैरा शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार राजू आदिवासी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया गया है। बदरवास पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े – लुकवासा में इलाज के दौरान 8 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों ने कथित झोलाछाप चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप
- shivpuri-badarwas-loading-vehicle-overturn-six-labourers-injured-one-critical








