
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शासकीय और निजी संस्थानों के निरीक्षण की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने खनियाधाना विकासखंड में उर्वरक विक्रेता के प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
कृषि विभाग की टीम ने किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड खनियाधाना ने शुक्रवार को अछरौनी स्थित सिद्ध ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान के संचालक अंकित जैन हैं।
निरीक्षण के दौरान उर्वरक संबंधी व्यवस्थाओं में अनियमितताएं पाए जाने पर कृषि विभाग की टीम ने गोदाम को तत्काल सील कर दिया। विभाग द्वारा अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
नकली और अमानक कृषि आदानों पर सख्ती
उप संचालक कृषि ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना कृषि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नकली अथवा अमानक कृषि आदानों की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कृषि आदान अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से पक्का बिल लेने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल जरूर लें और बिना बिल के किसी भी कृषि सामग्री की खरीदारी न करें।
विभाग ने किसानों से यह भी कहा है कि यदि किसी दुकान पर नकली या संदिग्ध कृषि सामग्री बेचे जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी कृषि कार्यालय को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े: मैहर में आवारा पशुओं का मुद्दा गरमाया, नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- khaniadhana-fertilizer-dealer-warehouse-sealed-after-irregularities








