
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: शहर की हनुमान कॉलोनी निवासी आदित्य धाकड़ रविवार सुबह गांधी पार्क में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान वह बिजली के खंभे के पास पहुंचा और खंभे को हाथ लगा बैठा। अचानक करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास से गुजर रहे बंटी राठौर ने तत्परता दिखाते हुए आदित्य को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण उसकी जान बच गई। फिलहाल आदित्य खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
बिजली के खंभों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद गांधी पार्क में बिजली के खंभों और खुले विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्क में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा नियमित रूप से आते हैं, ऐसे में खुले या असुरक्षित विद्युत उपकरण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से गांधी पार्क में लगे बिजली के खंभों और विद्युत कनेक्शनों की जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ये भी पढ़े – 7 वर्षीय अंशुल की मौत के सदमे में दादी ने भी तोड़ा दम, एक ही दिन में पोते और दादी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
- shivpuri-gandhi-park-cricket-playing-youth-electric-shock-aditya-dhakad








