
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी नरवर–भितरवार–डबरा मार्ग के शहर वाले हिस्से के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण के लिए मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन MPRDC ने 3.42 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित) की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। स्वीकृति के बाद अब गंज दरवाजे से कृषि उपज मंडी तक करीब 1400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद अध्यक्ष पद्मा संदीप माहेश्वरी के प्रयासों से सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है। निर्माण के दौरान सड़क के जलभराव प्रभावित हिस्से को विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा, ताकि बारिश के मौसम में सड़क खराब होने और आवागमन में होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।
750 मीटर सीसी सड़क, 650 मीटर बीसी ओवरले
योजना के तहत गंज दरवाजे से कृषि उपज मंडी तक बनने वाली 1400 मीटर सड़क में करीब 750 मीटर हिस्से में मजबूत सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि शेष 650 मीटर हिस्से में बीसी ओवरले किया जाएगा। निर्माण में जल निकासी व्यवस्था और सड़क की टिकाऊ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।
जलभराव से बार-बार खराब होती थी सड़क
दरअसल, बारिश के दौरान इस मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी जमा होने के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती थी। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई सड़क बनने के बाद इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
जियो-टैग तस्वीरों से होगी निर्माण की निगरानी
MPRDC के निर्देशानुसार निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए काम शुरू होने से पहले और निर्माण पूरा होने के बाद जियो-टैग तस्वीरें लेना अनिवार्य किया गया है। इससे निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी में मदद मिलेगी। 3.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति को नरवर शहर के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद गड्ढों, जलभराव और जर्जर सड़क से परेशान लोगों को राहत मिलने के साथ ही इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन भी सुगम होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में बारिश से महुअर नदी उफान पर, कई गांवों में जलभराव; खेतों में भरा पानी, फसलों को नुकसान की आशंका
- narwar-road-construction-approval-3-42-crore-ganj-darwaza-agricultural-market








