
मैहर:मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, भोपाल द्वारा सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 की संभाग स्तरीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन 7 सितंबर 2026 को शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा।
दो आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। जूनियर वर्ग में 8 से 15 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 16 से 25 वर्ष आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 की स्थिति में की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे 10 हजार रुपये तक के पुरस्कार
दोनों आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10,000 रुपये, 5,000 रुपये और 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मध्यप्रदेश का निवासी होना जरूरी
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। अन्यथा कम से कम 5 वर्ष से मध्यप्रदेश में निवास का प्रमाण-पत्र विधायक, पार्षद अथवा शैक्षणिक संस्था के प्राचार्य से प्रमाणित कराकर प्रस्तुत करना होगा।
1 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन
इच्छुक प्रतिभागी आवेदन पत्र शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए श्री सौरभ चौरसिया के मोबाइल नंबर 7000525707 और श्री अनिल जायसवाल के मोबाइल नंबर 7987274350 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यालयीन समय में शासकीय संगीत महाविद्यालय, विद्युत मंडल के सामने, मैहर से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
- maihar-lata-mangeshkar-sugam-sangeet-competition-2026-september-7-registration








