
टीकमगढ़/धर्मेंद सिंह लोधी की रिपोर्ट: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत पलेरा तहसील के विभिन्न ग्रामों में भव्य सामाजिक समरसता यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी महाराज के समता, सामाजिक सद्भाव, मानव कल्याण और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। यात्रा का शुभारंभ ग्राम पंचायत देरी से हुआ। इसके बाद यात्रा रमपुरा, चरी, रामनगर, पुरैनिया, भदर्रा, दांतगोरा और बन्नेबुजुर्ग होते हुए ग्राम आलमपुरा पहुंची, जहां इसका भव्य समापन किया गया।
ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
यात्रा के विभिन्न ग्रामों में पहुंचने पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक बंधुओं ने पुष्पवर्षा एवं ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। यात्रा के पूरे मार्ग में संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक एकता के संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए ग्रामीण और कार्यकर्ता
यात्रा में अभियान के जिला संयोजक श्री अश्वनी चढ़ार, श्री अमित जैन एवं श्री सुरेंद्र लोधी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर हुए भव्य स्वागत से यात्रा का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा। आयोजकों ने यात्रा के सफल आयोजन एवं विभिन्न ग्रामों में किए गए स्वागत के लिए ग्राम पंचायतों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक बंधुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े – बल्देवगढ़ के केलपुरा में तालाब में डूबने से 42 वर्षीय ग्रामीण की मौत, अचानक दौरा पड़ने से हुआ हादसा
- guru-ravidas-jayanti-social-harmony-yatra-palera-tikamgarh








