
सार
धर्मेंद्र सिंह लोधी| टीकमगढ़ के जैन मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी गई दानपेटी बरामद कर ली है। वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्वयं मामले की निगरानी किए जाने के बाद जांच में तेजी आती दिखाई दे रही है। हालांकि, अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीसीटीवी में नजर आए नकाबपोश आरोपियों तक पहुंचना और पूरी वारदात का खुलासा करना है। घटना के बाद थाना पुलिस की सक्रियता, रात्रि गश्त और सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचने में हुई कथित देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
टीकमगढ़ के जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले में चोरी गई दानपेटी की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब आरोपियों तक पहुंचने पर केंद्रित हो गई है। मामले को लेकर सवाल उठने के बाद वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्वयं जांच की निगरानी किए जाने से कार्रवाई को दिशा मिलती दिखाई दे रही है। दानपेटी की बरामदगी को पुलिस की सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है।
हालांकि दानपेटी बरामद होने के बाद भी मामला पूरी तरह सुलझा नहीं है। पुलिस के सामने अब सीसीटीवी फुटेज में नजर आए नकाबपोश चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी की पूरी घटना को किस तरह अंजाम दिया गया।
इस घटना ने थाना स्तर की पुलिसिंग और रात्रि गश्त की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। अपराध की सूचना मिलने के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लगने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि सूचना मिलने के बाद पुलिस को मौके तक पहुंचने में इतना समय लगा, तो रात के समय थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी प्रभावी थी।
मामले में वरिष्ठ अधिकारी के स्तर से निगरानी शुरू होने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। दानपेटी की बरामदगी के बाद अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसडीओपी राहुल कटरे का कहना है कि आरोपी पुलिस की पकड़ से ज्यादा दूर नहीं हैं और जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अब देखना यह होगा कि एसडीओपी की निगरानी में पुलिस कब तक नकाबपोश चोरों के चेहरे बेनकाब करती है और चोरी की इस वारदात का पूरा खुलासा करती है। साथ ही, घटना के दौरान थाना पुलिस की कथित लापरवाही और मौके पर पहुंचने में हुई देरी को लेकर उठे सवालों का जवाब भी पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
- tikamgarh-jain-temple-theft-donation-box-recovered-masked-thieves








