
कुलदीप शर्मा | शिवपुरी के दिनारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गोदाम में कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेज के DEF (Diesel Exhaust Fluid) तैयार करने का मामला पकड़ा। मौके से 13,200 लीटर तैयार कैमिकल, यूरिया, पाउडर और करीब 9 लाख रुपये की मशीनरी जब्त की गई।
दिनारा में गोदाम में चल रहा था DEF बनाने का काम
शिवपुरी। दिनारा थाना पुलिस ने ग्राम आवास में भगवती ढाबा के पीछे स्थित एक गोदाम में कथित रूप से अवैध तरीके से वाहनों में इस्तेमाल होने वाला कैमिकल यूरिया यानी DEF (Diesel Exhaust Fluid) तैयार करने का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 13,200 लीटर तैयार कैमिकल बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 5.94 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ गोदाम पहुंचे। तलाशी के दौरान वहां 26 प्लास्टिक टंकियां, मिक्सर मशीन और फिल्टर प्लांट मिला। इनमें 24 टंकियों में अलग-अलग मात्रा में तैयार कैमिकल भरा हुआ था, जबकि दो टंकियां खाली थीं।
यूरिया और पाउडर के नमूने भी लिए
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 45 किलो टेक्निकल ग्रेड यूरिया, करीब 25 किलो सफेद पाउडर और अलग-अलग बाल्टियों में रखे लिक्विड व काले पाउडर के नमूने भी लिए। पुलिस ने निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और अन्य सामग्री को भी जब्त किया है। जब्त मशीन, फिल्टर प्लांट और अन्य उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस का आरोप है कि गोदाम संचालक आनंद यादव (40), निवासी ग्राम आवास के पास कैमिकल यूरिया के निर्माण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने यूरिया, पानी और अन्य कैमिकल मिलाकर DEF तैयार करने और उसे कंपनी के कैमिकल यूरिया के रूप में वाहनों में बेचने की बात कही है। पुलिस ने गोदाम को मौके पर सील कर दिया है।
यह भी पढ़े: सुबह का अखबार या 30 सेकंड की रील? Gen Z बदल रही है खबरों की दुनिया
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने तैयार कैमिकल, कच्ची सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल मशीनरी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में BNS की धारा 318(1), 280 और 125(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अब जब्त किए गए कैमिकल और अन्य नमूनों की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार DEF की गुणवत्ता क्या थी और इसकी बिक्री कहां-कहां की जा रही थी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
- dinara-fake-def-urea-chemical-seized








