
मध्य-पूर्व में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच कुवैत के तट के पास एक ऑयल टैंकर के पास जोरदार धमाके की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जहाज के चालक दल ने जहाज के एक हिस्से के पास तेज धमाका होने की सूचना दी, जिसके बाद समुद्र में तेल फैलने की आशंका जताई जा रही है।
समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह घटना कुवैत के मुबारक अल-कबीर पोर्ट से कुछ दूरी पर समुद्र में हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके के बाद जहाज के एक कार्गो टैंक से तेल समुद्र में रिसने लगा, जिससे पर्यावरण को नुकसान होने की चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि धमाके के समय जहाज समुद्र में लंगर डाले हुए था। चालक दल ने धमाके के तुरंत बाद आसपास एक छोटी नाव को इलाके से दूर जाते हुए भी देखा। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और जहाज के सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कुवैत के अधिकारियों के मुताबिक यह घटना देश की समुद्री सीमा से बाहर हुई है, लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। इस बीच खाड़ी क्षेत्र में चल रहे तनाव के कारण जहाजरानी और तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएँ भी बढ़ गई हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर खाड़ी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएँ जारी रहती हैं, तो वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर इसका असर पड़ सकता है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है और अंतरराष्ट्रीय समुद्री एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।









