
अमेठी/आदित्य मिश्रा की रिपोर्ट: जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब 70 वर्षीय बुजुर्ग शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ियावा गांव निवासी हीरालाल द्विवेदी (70 वर्ष) सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से शौच के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वह गांव के पास नेशनल हाईवे के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में बुजुर्ग को तत्काल जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या की वारदात हाईवे के समीप होने के कारण आरोपी घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के भतीजे जितेंद्र कुमार द्विवेदी की सूचना पर कार्रवाई शुरू की गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भतीजे की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
ये भी पढ़े – अमेठी की नई प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने संभाला कार्यभार, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश
- amethi-lodhiawa-elderly-man-shot-dead-while-going-for-toilet-police-investigation








