
अमेठी/आदित्य मिश्रा की रिपोर्ट: जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सरकारी पानी की टंकी की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे मुरारपुर मजरे उत्तरगांव निवासी अभयनंदन (22) को सोमवार सुबह मजदूरी के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे सरकारी टंकी की सफाई के कार्य में लगाया। सफाई के लिए सीढ़ी और अन्य उपकरणों के साथ वह टंकी पर चढ़ा था। इसी दौरान टंकी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां से शव को घर ले जाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता शीतला प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सावधानियों के उनके बेटे से टंकी की सफाई कराई गई। उनका कहना है कि यदि कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देर शाम तक गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और लोगों में घटना को लेकर नाराजगी बनी रही।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
ये भी पढ़े – अमेठी: बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, शौच के लिए जाते समय बदमाशों ने बनाया निशाना
- amethi-youth-dies-due-to-electric-shock-while-cleaning-government-water-tank








