
छतरपुर/अमित अवस्थी की रिपोर्ट बागेश्वर धाम में आयोजित 9 दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर छतरपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल के साथ धाम परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए एसपी ने पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, परिक्रमा पथ, कथा पंडाल, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित पूरे धाम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी रजत सकलेचा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल लगातार निगरानी रखेगा और सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, एसडीओपी खजुराहो, थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे, आरआई पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत, निरीक्षक संदीप दीक्षित, उपनिरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार, चौकी प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी एवं बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – छतरपुर-पन्ना हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में एक सगे भाई की मौत, दूसरा गंभीर घायल
- bageshwar-dham-guru-purnima-mahotsav-security-arrangements-inspection-sp-chhatarpur










