
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट बैराड़ थाना क्षेत्र के ऊंची खरई गांव में गुरुवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपने 55 वर्षीय पिता के साथ लाठियों से मारपीट कर दी। घटना में पिता घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनका बेटा शराब के नशे में था और दोस्तों के बहकावे में आकर उसने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित ब्रजमोहन जाटव (55), पिता प्रभु जाटव ने बताया कि उनका बेटा विक्की (28) शराब का आदी है। ब्रजमोहन के अनुसार, विक्की के दोस्त उसे यह कहकर भड़काते हैं कि पिता उसके साथ भेदभाव करते हैं और अन्य बेटों का पक्ष लेते हैं। ब्रजमोहन ने बताया कि गुरुवार रात इसी बात को लेकर विक्की ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विक्की ने लाठियों से पिता के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में ब्रजमोहन घायल हो गए, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
पिता ने कच्ची शराब की बिक्री पर भी उठाए सवाल
घायल ब्रजमोहन ने गांव और आसपास के क्षेत्र में कथित रूप से कच्ची शराब की बिक्री को लेकर भी चिंता जताई है। उनका आरोप है कि डाबरपुरा की कंजर बस्ती में कुछ लोग कच्ची शराब बनाते हैं, जिसके चलते गांव के युवाओं को आसानी से शराब उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि शराब की आसानी से उपलब्धता के कारण कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और इसका असर परिवारों पर भी पड़ रहा है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने प्रशासन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में कच्ची शराब के कथित निर्माण और बिक्री की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगने से युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिल सकती है। मामले में पुलिस द्वारा घटना और पीड़ित के आरोपों के संबंध में जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े – अब शहर में नहीं चलेगी ऑटो चालकों की मनमानी, तय हुआ किराया; हर ऑटो में चस्पा होगी किराया सूची
- bairad-shivpuri-son-assaults-father-domestic-dispute-alcohol








