
बड़वानी: जिले में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसे में खेत में सो रहे परिवार पर एसिड की गैलन पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना मोहनपुरा गांव की है। जानकारी के अनुसार सालखेड़ा निवासी विजय चौहान अपनी पत्नी पिंकी और बच्चों के साथ खेत में सो रहे थे। परिवार मोहनपुरा स्थित खेत में रहकर खेती का काम करता है। खेत में ड्रिप लाइन साफ करने के लिए एसिड की गैलन लाकर रखी गई थी, जो अचानक पलट गई और पत्नी पिंकी, बेटी शिवानी (4) और बेटे अथर्व (6) पर गिर गई।
एसिड गिरते ही तीनों की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में तीनों को तत्काल राजपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही पिंकी की मौत हो गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों मासूम बच्चों को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों बच्चे 40 से 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि अगले 48 घंटे बच्चों के लिए बेहद अहम हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही खेती में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक रसायनों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील भी की गई है।
- barwani-acid-gallon-fell-on-sleeping-family-mother-death-children-critical









