
बुरहानपुर: शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर एवं खतरनाक भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड क्रमांक 27 के दाउदपुर स्थित बारूद वाली मस्जिद के समीप एक जर्जर भवन को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह भवन तनवीर एहसान जाफरी का था, जिसे नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी कर स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी भवन स्वामी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने नियमानुसार भवन को गिराने की कार्रवाई की।
महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके स्वामित्व में कोई जर्जर या खतरनाक भवन है तो उसे स्वयं हटवा लें। उन्होंने कहा कि ऐसे भवन मानसून के दौरान दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। यदि भवन मालिक स्वयं कार्रवाई नहीं करेंगे तो प्रशासन भवन खाली कराकर उसे ध्वस्त करेगा। नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नोटिस के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान सहायक यंत्री गोपाल महाजन, अभिषेक रघुवंशी, संजय तिवारी, राजपति यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में जर्जर भवनों पर नगर निगम का एक्शन तेज, दाउदपुरा में बुलडोजर चलाकर गिराया खतरनाक मकान
- burhanpur-municipal-corporation-demolishes-dangerous-building-daudpura










