
छतरपुर: जिले के भगवां थाना क्षेत्र में मटर बेचकर लौट रहे एक युवक के साथ लूट और मारपीट की वारदात सामने आई है। नदीखेरा के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने पिकअप वाहन को रोककर युवक पर हमला किया और कथित तौर पर लाखों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार युवक बड़ामलहरा से मटर लेकर उत्तर प्रदेश के ललितपुर गया था। वहां मटर बेचने के बाद वह पिकअप वाहन से वापस बड़ामलहरा लौट रहा था। इसी दौरान भगवां रोड पर बछेड़ी नदी के पास नदीखेरा क्षेत्र में दो नकाबपोश बदमाशों ने उसका वाहन रुकवा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी और कट्टे की बट से उसके सिर पर वार किया। हमले में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। इसके बाद बदमाश कथित तौर पर उसके पास रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक घुवारा उपथाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस बदमाशों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
- chhatarpur-galla-trader-looted-masked-robbers-attack-with-country-made-pistol








