
छतरपुर/बमीठा: जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम घूरा में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पानी की हौदी में डूबने से मौत हो गई. घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार सनाया पिता ठाकुर दास पटेल (उम्र करीब डेढ़ वर्ष) घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी. इसी दौरान खेलते-खेलते वह आंगन में बनी पानी की हौदी में गिर गई। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य खेत पर फसल कटाई के काम में लगे हुए थे.
कुछ देर बाद जब बच्ची की मां सविता घर पहुंची तो उसने देखा कि बच्ची हौदी के पानी में डूबी हुई है। मां ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन पड़ोसी के चार पहिया वाहन से बच्ची को बमीठा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने करीब 10 से 15 मिनट तक प्राथमिक उपचार किया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में डॉक्टर रवि सोनी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सनाया परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। इस हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस के अनुसार बुधवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
ये भी पढ़े – छतरपुर: शराब ठेके पर खुलेआम नियमों की अनदेखी, प्रशासन की चुप्पी
- chhatarpur-toddler-drowns-water-tank










