
बड़वानी: शहर के तिरछी पुलिया क्षेत्र में सीवरेज कार्यों की खराब गुणवत्ता और सड़क पर फैली गंदगी को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने कीचड़ और गंदे पानी से भरे गड्ढे में “बेशर्मी का पौधा” लगाकर नगर पालिका और सीवरेज कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
तिरछी पुलिया क्षेत्र में सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत कार्य किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही सड़क धंसने से पाइप लाइन दोबारा फूट गई। इसके चलते क्षेत्र में कीचड़ और गंदे पानी का जमाव हो गया है, जिससे स्थानीय रहवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव के नेतृत्व में पार्षदों ने नगर पालिका और सीवरेज कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के कारण गंदा पानी पेयजल लाइनों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
पार्षदों ने कहा कि शहर में चल रहे सीवरेज कार्यों की समीक्षा और गुणवत्ता की जांच के लिए बैठक बुलाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि सीवरेज कंपनी द्वारा कई स्थानों पर मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
- congress-councilors-protest-against-poor-sewerage-work-in-barwani-plant-besharmi-sapling-in-muddy-pit









