
देवास/गौरव व्यास की रिपोर्ट: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार देवास जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर ऋतु राज सिंह के नेतृत्व में जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स और नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स की दुकानों एवं कारखानों पर औचक निरीक्षण की कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 972 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग मावा और उससे निर्मित मिठाइयां जब्त की गईं। जांच में सामने आया कि जोधपुर स्वीट्स के गोदाम में रखी अमानक सामग्री को उसकी तीन अलग-अलग आउटलेट्स पर बिक्री के लिए भेजा जाना था।
ट्रेन्चिंग ग्राउंड में नष्ट की गई सामग्री
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए एनालॉग मावा और मिठाइयों को नगर निगम के शंकरगढ़ पहाड़ी स्थित ट्रेन्चिंग ग्राउंड ले जाया गया। वहां नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर पूरी अमानक सामग्री को नष्ट कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, एनालॉग मावा और एनालॉग पनीर वास्तविक दुग्ध उत्पाद नहीं हैं। इन्हें पाम ऑयल, घटिया वनस्पति तेल, मिल्क पाउडर और अन्य रासायनिक पदार्थों के मिश्रण से तैयार किया जाता है। शासन के निर्देशों के तहत ऐसे उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध है।
मिलावटखोरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में भी जिलेभर में दूषित एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के साथ-साथ एनालॉग मावा, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों के खिलाफ जांच, जब्ती और नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- dewas-972-kg-analogue-mawa-sweets-seized-before-raksha-bandhan









